loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

अकाली दल में लौटेंगे प्रेम सिंह चंदूमाजरा! आज सुखबीर बादल खुद पहुंचेंगे घर, बेटे और समर्थकों की भी होगी वापसी

भारत इंफो, पटियाला

पंजाब की अकाली राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा अपने बेटे एवं पूर्व विधायक हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा तथा समर्थकों के साथ एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (बादल) में वापसी करने जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज शाम 4 बजे पटियाला स्थित प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के आवास पर पहुंचेंगे और उन्हें तथा उनके समर्थकों को पार्टी में दोबारा शामिल करवाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए चंदूमाजरा परिवार की ओर से औपचारिक निमंत्रण भी भेजे गए हैं।

गौरतलब है कि प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने हाल ही में ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व वाले अकाली दल पुनर सुरजीत से अपने मतभेदों के चलते दूरी बना ली थी। उन्होंने पंथक एकता के मुद्दे पर सभी अकाली और पंथक संगठनों को एक मंच पर लाने की वकालत की थी। उनका कहना था कि पंजाब और पंथ के हितों की रक्षा के लिए अकाली दल की ताकत को एकजुट करना जरूरी है।

इसके बाद उनके बेटे हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा ने भी अपने समर्थकों और सनौर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों के साथ पुनर सुरजीत अकाली दल छोड़ने का ऐलान किया था।

चंदूमाजरा परिवार की घर वापसी को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अकाली राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे अकाली दल के अन्य अलग हुए नेताओं की वापसी और पंथक एकता की कोशिशों को भी नई गति मिलने की संभावना है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *