loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस और डंपर की टक्कर के बाद लगी आग, 14 यात्री जिंदा जले

भारत इंफो : आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में गुरुवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रायवरम के पास एक निजी ट्रेवल बस और डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 14 यात्रियों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 23 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को बस में लगी आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।

सफर के दौरान चीख-पुकार और बचाव कार्य

जानकारी के अनुसार, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे जब अधिकांश यात्री नींद में थे, तभी यह हादसा हुआ। मरकापुरम के एसपी वी. हर्षवर्धन राजू ने बताया कि बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।

डंपर चालक और बस के घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कइयों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

इस भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने मृतको के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और स्थानीय प्रशासन को घटनास्थल पर हर संभव मदद मुहैया कराने के आदेश दिए हैं। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन पीड़ित परिवारों की पहचान करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *