भारत इंफो : मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर अपने नए गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर उठे विवाद के बाद अब उनके खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है और गिरफ्तारी की आशंका भी जताई जा रही है। मामले में हरियाणा में शिकायत दर्ज होने के बाद YouTube ने भी सख्त कदम उठाते हुए इस विवादित गाने को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
पुलिस ने तेज की कार्रवाई
गाने के लिरिक्स और वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। जानकारी के अनुसार पंचकूला पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बादशाह की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। इसके साथ ही पुलिस ने उन्हें तुरंत पेश होने का नोटिस जारी किया है।
अगर वह पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
वीडियो के कंटेंट पर उठे सवाल
विवाद की मुख्य वजह गाने के वीडियो में दिखाए गए कुछ दृश्य और इस्तेमाल की गई सामग्री बताई जा रही है। आरोप है कि गाने की शूटिंग के दौरान बिना अनुमति के एक बस का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाया गया है, जिस पर भी आपत्ति जताई गई है। इसी वजह से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।