Monday, September 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

CM भगवंत मान की बिगड़ी सेहत, अस्पताल में भर्ती

भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत अचानक खराब होने के चलते उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगरूर में मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया, जिसके तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर उनका मेडिकल चेकअप किया गया। जब प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा, तो उन्हें आनन-फानन में हेलीकॉप्टर के जरिए मोहाली ले जाया गया, जहाँ फिलहाल विशेषज्ञों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।

अस्पताल में प्रशासनिक हलचल और भारी सुरक्षा

ताजा जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री को अस्पताल में एडमिट कर लिया गया है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या आम आदमी पार्टी की ओर से अब तक उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री की संजीदा स्थिति को देखते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और मुख्य सचिव भी फोर्टिस अस्पताल पहुँच चुके हैं। शासन और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी को देखते हुए अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बिगड़ी तबीयत

गौरतलब है कि आज दोपहर मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में नतमस्तक होने पहुँचे थे। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-पाठ और हवन यज्ञ में हिस्सा लिया था। इसी कार्यक्रम के संपन्न होने के कुछ समय बाद मुख्यमंत्री को शारीरिक अस्वस्थता महसूस हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *