loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 41°C
Breaking News

पंजाब में एनकाउंटर के दौरान SHO के सीने पर चली गोली, लुधियाना पुलिस ने 2 बदमाश दबोचे

भारत इंफो : लुधियाना के खन्ना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में SHO आकाश दत्त के सीने पर गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश की टांग में गोली लगी, जबकि दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गुप्त सूचना पर की गई थी नाकाबंदी
खन्ना के एसपी पवनजीत चौधरी ने बताया कि पुलिस को ‘इरादा-ए-कत्ल’ के एक मामले में वांटेड अपराधी हरसिमरन सिंह मंड के इलाके में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार हरसिमरन सिंह मंड और उसका साथी एवनजोत सिंह भंडाल वहां पहुंचे और पुलिस को देखते ही भागने लगे।

पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने भागते समय पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी को भी लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक गोली SHO आकाश दत्त के सीने में जा लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण वह सुरक्षित रहे।

जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी घायल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई में मुख्य आरोपी हरसिमरन सिंह मंड की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे और उसके साथी एवनजोत सिंह भंडाल को मौके पर ही काबू कर लिया।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *