loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

होशियारपुर में ज्वेलरी शोरूम को चोरों ने बनाया निशाना! सवा करोड़ के गहने लेकर फरार

भारत इंफो : पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां में लोहड़ी की रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। तलवारा रोड पर स्थित जॉय ज्वेलर नाम की दुकान को निशाना बनाकर चोरों ने करोड़ों की लूट को अंजाम दिया। देर रात एक दर्जन से ज्यादा चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कई लोग दुकान के अंदर घुसते और सामान समेटते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

दुकानदार को रात में मिली सूचना
पीड़ित दुकानदार अनुज महाजन ने बताया कि वह लोहड़ी की शाम रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात उन्हें दुकान के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर संदिग्ध लोगों के बारे में बताया। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर शोकेस व काउंटर खाली पड़े थे। सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान गायब था, जिसकी कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

चोरी नहीं, लूट का मामला: दुकानदार
दुकानदार अनुज महाजन और इलाके के विधायक जंगी लाल महाजन ने इस घटना को साधारण चोरी नहीं बल्कि सुनियोजित लूट बताया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। सूचना मिलते ही एसएचओ दलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों की जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग एंगल से मामले की छानबीन की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *