loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

हवाई और रॉकेट वाले पटाखों पर बैन! प्रशासन ने आग की घटनाओं के चलते लिया फैसला

भारत इंफो :

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिला प्रशासन ने स्काई रॉकेट और हवा में उड़ने वाले अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। यह प्रतिबंध 8 जनवरी 2027 की आधी रात तक जारी रहेगा। दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की कई घटनाओं और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

एक दिन में आग लगने की 11 घटनाएं आईं सामने

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को पूरे ठाणे जिले में आग लगने की 11 घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जबकि लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई। जांच और शिकायतों के दौरान सामने आया कि कई जगहों पर लोग भीड़भाड़ वाले इलाकों, इमारतों की छतों, बालकनियों और पार्किंग स्थलों से रॉकेट चला रहे थे। कुछ लोग तो अपने हाथों से ही रॉकेट छोड़ रहे थे।

जलते हुए अवशेष गिरने से आग लगने का खतरा

रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर संदीप माने ने बताया कि हवा में उड़ने वाले पटाखों के जलते हुए अवशेष रिहायशी इमारतों और ज्वलनशील वस्तुओं पर गिर रहे हैं। इससे आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले की सीमा के भीतर सभी सार्वजनिक और निजी स्थानों, रिहायशी इलाकों तथा इमारतों की छतों पर स्काई रॉकेट और इसी तरह के हवा में उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

प्रतिबंध तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य सामान्य पटाखों पर पहले से लागू कानून, नागरिक नियमों और न्यायिक दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। नगर निकायों, पुलिस और दमकल विभाग को प्रतिबंध का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा हाउसिंग सोसायटियों को भी अपने सदस्यों तक इस आदेश की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *