loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

लुधियाना के शाही मोहल्ला में फायरिंग से दहशत, टूर एंड ट्रैवल कारोबारी के घर पर हमला

भारत इंफो : लुधियाना के शाही मोहल्ला इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब करीब 10 नकाबपोश हमलावरों ने एक टूर एंड ट्रैवल कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और पत्थरबाजी की। घटना के बाद पूरे रिहायशी इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सभी हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

7 राउंड फायरिंग, मेन गेट को हुआ नुकसान
हमलावरों ने घर के बाहर पहले शोर-शराबा किया और फिर कम से कम सात राउंड गोलियां चलाईं। कई गोलियां मकान के मेन गेट को पार करती हुई अंदर तक पहुंच गईं, जिससे दरवाजे पर लगा कांच टूट गया। इसके अलावा बदमाशों ने घर के बाहर ईंटें और पत्थर भी फेंके, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

देर रात 1.15 बजे की घटना
पीड़ित दीपक कुमार पुलिस को बताया कि यह घटना देर रात करीब 1.15 बजे की है। सड़क से तेज आवाजें और गोलियों की आवाज सुनकर जब वह बाहर आए तो मेन गेट पर गोलियों के निशान देखकर हैरान रह गए। घर के भीतर कांच के शीशे टूट चुके थे और आंगन में गोलियों के अवशेष पड़े मिले।

किसी से नहीं है दुश्मनी, गलत पहचान का शक
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें कभी किसी तरह की धमकी या फिरौती की कॉल मिली है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि यह हमला गलत पहचान का मामला हो सकता है। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है, क्योंकि उन्हें आगे किसी हमले का डर सता रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, फोरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और बुलेट के टुकड़े एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *