loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

जालंधर में केक कटने से पहले छा गया मातम, बर्थडे पर शिवसेना नेता की बेटी की हुई मौत

भारत इंफो : जालंधर के मिट्ठा बाजार इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। बाथरूम में लगे गीजर से गैस लीकेज के कारण शिवसेना उत्तर भारत प्रमुख दीपक कंबोज की 22 वर्षीय बेटी मुनमुन चितवन की मौत हो गई। सबसे भावुक कर देने वाली बात यह रही कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन नववर्ष के मौके पर मुनमुन का जन्मदिन भी था और घर में जश्न की तैयारियां चल रही थीं।

नहाने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार मुनमुन रोज की तरह बाथरूम में नहाने गई थी। इसी दौरान गीजर से जुड़ी पाइप में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। बाथरूम बंद होने के कारण गैस बाहर नहीं निकल पाई और भीतर ही भरती चली गई। कुछ ही देर में मुनमुन को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और दम घुटने से वह बाथरूम में ही बेहोश हो गई।

दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
जब काफी देर तक मुनमुन बाथरूम से बाहर नहीं आई, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर दरवाजा तोड़ा गया, तो मुनमुन अचेत अवस्था में बाथरूम में पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का प्रारंभिक कहना है कि गैस चढ़ने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम से होगी पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। पुलिस गीजर और पाइपलाइन की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है।

जन्मदिन की खुशियां पल भर में मातम में बदलीं
मृतका के पिता दीपक कंबोज ने बताया कि नववर्ष के दिन बेटी का जन्मदिन मनाने की पूरी तैयारी थी। रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया जाना था, लेकिन यह खुशी का दिन परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *