भारत इंफो : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में बुधवार सुबह करीब 9.45 बजे पुलिस थाने के पास जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के कारण आसपास स्थित कई इमारतों के शीशे टूट गए। इनमें सैनिक भवन, पुलिस थाना और मार्केट कमेटी कार्यालय की इमारत शामिल है। अचानक हुए धमाके से स्थानीय लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए।
इलाका खाली कराकर किया गया सील
घटना की सूचना मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। टीम द्वारा मौके से सैंपल उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर रहे हैं कि धमाका किस वजह से और किस सामग्री से हुआ।
न्यू ईयर के बीच बढ़ी चिंता
यह धमाका ऐसे समय पर हुआ है, जब न्यू ईयर के मौके पर हजारों पर्यटक शिमला और आसपास के इलाकों में मौजूद हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धमाके से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।