loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

आवारा कुत्तों का आतंक, 24 घंटे के भीतर 16 लोगों को काटा

भारत इंफो : मुंबई के गोरेगांव इलाके में आवारा कुत्तों के हमले अचानक बढ़ने से दहशत का माहौल पैदा हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि पिछले महज 24 घंटों में कुत्तों ने 16 लोगों को अपना शिकार बनाया है। गोरेगांव वेस्ट के आदर्श विद्यालय और सिद्धार्थ नगर इलाके में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है, जहां लोग अब घरों से निकलने में भी कतरा रहे हैं।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

जानकारी के मुताबिक, पिछले दो दिनों में इन इलाकों में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों समेत करीब 15 से 16 लोगों पर आवारा कुत्तों ने हमला किया है। कुत्तों के हमले की ये घटनाएं आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिसे देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा और डर दोनों बढ़ गए हैं।

चेहरे पर हमला कर रहे कुत्ते, विधानसभा में उठे सवाल

गोरेगांव में कुत्तों के आतंक का मुद्दा अब महाराष्ट्र विधानसभा में भी गूंज उठा है। विधायक अतुल भातखलकर और विधायक सुनील प्रभु ने सदन में सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायकों ने चिंता जताते हुए बताया कि ये कुत्ते लोगों के पैरों के बजाय सीधे चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्सों पर हमला कर रहे हैं, जिससे पीड़ितों को गंभीर चोटें आ रही हैं।

BMC से तुरंत कार्रवाई की मांग

आदर्श स्कूल और सिद्धार्थ नगर के निवासी खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। कई घायलों का इलाज ट्रॉमा केयर और निजी अस्पतालों में चल रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका (BMC) से मांग की है कि इन हमलावर कुत्तों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

6 साल में 30 लाख लोग बने शिकार

विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान चौकाने वाले आंकड़े भी सामने आए। एक लिखित जवाब में बताया गया कि महाराष्ट्र में पिछले 6 सालों में डॉग बाइट (कुत्तों के काटने) के 30 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, 2021 से 2023 के बीच रेबीज के कारण 30 लोगों की जान जा चुकी है। मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों में आवारा कुत्तों की बढ़ती तादाद अब एक बड़ा संकट बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *