भारत इंफो : नवांशहर से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शहर के एक मशहूर करियाना कारोबारी, रविंदर सोबती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे यहीं नहीं रुके, उन्होंने वारदात को हादसा दिखाने या सबूत मिटाने के मकसद से शव को कार के अंदर ही जला दिया।
खालसा फार्म के पास मिली जली हुई कार
घटनास्थल खालसा फार्म के पास का है। रविंदर सोबती का शव उनकी ही i20 कार के अंदर बुरी तरह जली हुई हालत में मिला। कार सड़क किनारे एक पोल से टकराई हुई थी और लपटों से घिरी थी। आग बुझने के बाद जब अंदर देखा गया, तो कारोबारी का शव बरामद हुआ।
बेटे ने बताई घटना की आपबीती
मृतक के बेटे सुमित सोबती ने जानकारी दी कि उनके पिता बंगा रोड पर काम करने वाली घरेलू महिला को लेने के लिए अपनी कार से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे, तो परिवार ने उन्हें फोन करना शुरू किया। बार-बार कॉल करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका के चलते परिवार वाले उनकी तलाश में निकले।
मौके का मंजर देख उड़े होश
तलाश करते हुए जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि कार पोल से टकराई हुई है और उसमें आग लगी है। इस दिल दहला देने वाली घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।