loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

लुधियाना में खुशियां मातम में बदलीं: विदाई के बाद लौट रहे दुल्हन के माता-पिता की सड़क हादसे में मौत

भारत इंफो : पंजाब के लुधियाना में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब विदाई के तुरंत बाद दुल्हन के परिवार पर कहर टूट पड़ा। लुधियाना से जालंधर के लिए डोली विदा करने के बाद वापस सरहिंद लौट रहे परिवार की इनोवा कार एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में दुल्हन के माता-पिता और चाची की मौत हो गई है, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा लुधियाना के पिंड खाकट में ‘जाइडि फैब्रिक लिमिटेड’ के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार दुल्हन का परिवार इनोवा क्रिस्टा कार में सवार होकर सरहिंद लौट रहा था।आगे चल रहे एक ट्रक (RJ20GB-3704) ने अचानक ब्रेक लगा दी।

रफ्तार तेज होने के कारण परिवार की इनोवा कार संभल नहीं पाई और सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंसकर कई मीटर तक घिसटती चली गई।

हादसे में इनकी गई जान

कार में दुल्हन के माता-पिता समेत कुल 5 लोग सवार थे। टक्कर के बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका।

अशोक कुमार नंदा (पिता), किरण नंदा (मां) और रेनू बाला (चाची)। इन्हें अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया। मोहन कुमार नंदा और शर्मीली नंदा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

बीच रास्ते से लौटी दुल्हन की डोली

हादसा इतना भयावह था कि इसकी खबर मिलते ही खुशियों वाले घर में चीख-पुकार मच गई। लुधियाना के ‘स्टेलोन मनोर पैलेस’ से शादी के बाद दुल्हन गजल की डोली जालंधर के लिए रवाना हुई थी।

डोली अभी लाडोवाल के पास ही पहुंची थी कि परिवार को इस हादसे की मनहूस खबर मिली। खबर सुनते ही डोली तुरंत जालंधर की बजाय वापस सरहिंद के लिए मुड़ गई। जिस घर में जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है।

पुलिस कार्रवाई: हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *