loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

Bihar Election : राहुल गांधी का ऑपरेशन सरकार चोरी, केंद्रीय मंत्री ने फर्जी करार दिया

भारत इंफो : बिहार में कल पहले चरण की 121 सीटों पर होने वाले मतदान से ठीक एक दिन पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा “ऑपरेशन सरकार चोरी” चलाए जाने के गंभीर आरोपों पर केंद्र सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उनके प्रेजेंटेशन को ‘फर्जी’ करार दिया है।

25 लाख वोट चोरी का आरोप
राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार और हरियाणा में व्यवस्थित तरीके से मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों मतदाताओं के नाम काटे गए हैं और यह लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है।

उन्होंने बिहार के पांच वोटरों को मंच पर बुलाकर दिखाया, जिनके नाम सूची से काट दिए गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में 3.5 लाख नाम काटे गए, और एक ‘ब्राजील की मॉडल’ ने 10 बूथ पर 22 बार वोट डाला, जिसके कारण हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोटों की चोरी हुई।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने जो प्रेजेंटेशन दिया, वह फर्जी था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी विफलता छिपाने और ध्यान भटकाने के लिए ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं।

रिजिजू ने राहुल गांधी पर तंज कसा
किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ विदेशी महिलाओं के नाम का जिक्र किया। वे संसद सत्र चलते समय विदेश चले जाते हैं। छिपकर थाईलैंड-कंबोडिया जाते हैं। उन्हें विदेशों से जो प्रेरणा मिलती है, उसके आधार पर वे लोगों का समय बर्बाद करते हैं।

राहुल गांधी का एटम बम फटता क्यों नहीं
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ने भी कई चुनाव हारे हैं, लेकिन कभी रोना-धोना नहीं किया और न ही चुनाव आयोग को गाली दी। हमने हमेशा नतीजों का स्वागत किया। बिहार में कल चुनाव है। वे ध्यान भटकाने के लिए मुद्दा लेकर आ रहे हैं। राहुल बोलते हैं कि एटम बम फटने वाला है। उनका एटम बम कभी फटता क्यों नहीं है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *