Thursday, October 29, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, कार के शीशे टूटे; भागकर बचाई परिवार की जान

भारत इंफो : लुधियाना में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मां और छोटे बेटे के साथ खाना खाने पहुंचे एक प्रॉपर्टी डीलर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। आरोप है कि हमलावरों ने करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की। इसके बाद युवक के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया और पिस्तौल के बट से भी वार किए। किसी तरह युवक अपनी कार तक पहुंचा और मां व बच्चे को साथ लेकर मौके से भाग निकला। बाद में वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा।

रेस्टोरेंट के बाहर अचानक हमला, 7-8 युवकों ने की फायरिंग
पीड़ित जगजोत सिंह के मुताबिक, बुधवार देर रात वह अपनी मां मनजीत कौर और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ ढोल्लेवाल इलाके में स्थित मैगी पॉइंट रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तीनों कार में बैठकर ही खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद जगजोत बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने के लिए कार से बाहर निकला।

इसी दौरान अचानक 7 से 8 युवक उसकी तरफ दौड़ते हुए आए और उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जगजोत का कहना है कि हमलावरों ने पहले दो गोलियां चलाईं, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद उसने किसी तरह अपनी कार में बैठकर जान बचाने की कोशिश की।

कार के अंदर भी चलाई गोलियां, मां और बच्चा थे मौजूद
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कार में बैठने के बाद भी हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वे गाड़ी की खिड़की के पास पहुंचे और फायरिंग की। आरोप है कि हमलावरों ने कार के अंदर भी दो गोलियां चलाईं। उस समय गाड़ी में जगजोत की मां और उसका छोटा बेटा मौजूद थे। हमले के दौरान परिवार की जान भी खतरे में पड़ गई।

जगजोत के अनुसार, हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला किया और पिस्तौल के बट से भी वार किए। इसके बाद वह किसी तरह कार लेकर मौके से निकलने में कामयाब रहा और सिविल अस्पताल पहुंचकर इलाज करवाया।

एक साल पहले भी घर पर हुआ था हमला
जगजोत सिंह ने आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं हमलावरों ने उसके घर पर आकर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं। पीड़ित ने मौजूदा वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। उसका दावा है कि हमलावर पहले से उसे निशाना बना रहे थे।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने हमलावरों की पहचान होने और पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने के आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि हमलावर गाड़ियों में सवार होकर आए थे। शुरुआती जानकारी में इनोवा कार का जिक्र है, जबकि पीड़ित के बयान में स्कॉर्पियो और एक अन्य गाड़ी का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *