loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

कनाडा में पेट्रोल की जगह पानी भरने से 18 गाड़ियां खराब, पंजाबी मूल के व्यक्ति का पंप हुआ सील

भारत इंफो : कनाडा के ओंटारियो प्रांत स्थित एलमवेल (Elmvale) इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पेट्रोल पंप पर ईंधन की जगह पानी मिलाए जाने के कारण करीब 18 ग्राहकों की गाड़ियां कुछ ही दूरी तय करने के बाद बीच सड़क पर खड़ी हो गईं।

जांच में पाया गया कि ईंधन के टैंक में 50 प्रतिशत से अधिक पानी की मात्रा मौजूद थी। इस लापरवाही के कारण प्रभावित गाड़ियों के इंजन हाइड्रोलिक लॉक (Hydraulic Lock) हो गए, जिससे वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए फिलहाल पेट्रोल पंप को पूरी तरह सील कर दिया है।

इंजन हुए खराब और लाखों का आया खर्च
प्रभावित ग्राहकों के अनुसार, जैसे ही उन्होंने पंप से पेट्रोल और डीजल भरवाया, उनकी गाड़ियां कुछ ही किलोमीटर चलने के बाद झटके लेकर बंद हो गईं। मैकेनिकों की जांच में पता चला कि पानी की अधिक मात्रा के कारण इंजनों में गंभीर खराबी आ गई है। बताया जा रहा है कि एक-एक गाड़ी के इंजन को ठीक करने में लगभग 4 लाख रुपए (कैनेडियन डॉलर के अनुसार भारी राशि) तक का रिपेयरिंग खर्च आ रहा है। पिछले एक महीने से चल रही इस जांच के बाद अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और पीड़ित ग्राहक मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

गलती से हुआ सब, पंप मालिक ने दी सफाई
इस पेट्रोल पंप के मालिक पंजाबी मूल के सुखविंदर कंधोला हैं। मामले के सुर्खियों में आने के बाद कंधोला ने अपनी सफाई में कहा कि यह सब अनजाने में और गलती से हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि फ्यूल टैंक के भीतर इतना सारा पानी कैसे पहुंच गया। मालिक ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर लोग उन्हें निशाना बना रहे हैं और क्लेम को लेकर उन्हें काफी मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन अभी भी इस बात की तहकीकात कर रहा है कि यह तकनीकी खराबी थी या जानबूझकर की गई मिलावट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *