loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

1 मार्च 2026 से बड़ा बदलाव : कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा और मैसेजिंग एप्स के लिए ‘सिम-बाइंडिंग’ नियम लागू

भारत इंफो : आज रविवार से देश भर में 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 31 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बदलाव के बाद दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 1740.50 रुपए से बढ़कर अब 1768.50 रुपए हो गई है, जबकि कोलकाता में यह दर 1875.50 रुपए तक पहुँच गई है।

केवल रसोई गैस ही नहीं, बल्कि हवाई ईंधन यानी ATF की कीमतों में भी तेल कंपनियों ने लगभग 5500 रुपए प्रति किलोलीटर की भारी वृद्धि की है। विशेषकर चेन्नई में इसकी कीमतें 1 लाख रुपए प्रति किलोलीटर के पार पहुँच गई हैं, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में हवाई टिकटों के महंगे होने के रूप में देखने को मिलेगा।

मैसेजिंग एप्स के लिए ‘सिम-बाइंडिंग’ और लॉगिन की नई समय सीमा

डिजिटल सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से सरकार ने आज से मैसेजिंग एप्स के लिए ‘सिम-बाइंडिंग’ नियम अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत अब वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे एप्स केवल तभी काम करेंगे जब वह सिम कार्ड फोन में एक्टिव मोड में मौजूद हो जिससे अकाउंट बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त, यदि आप कंप्यूटर या वेब ब्राउजर पर अपना वॉट्सऐप इस्तेमाल करते हैं, तो अब वह लंबे समय तक लॉगिन नहीं रहेगा। सुरक्षा कारणों से अब हर 6 घंटे के भीतर वेब वर्जन अपने आप लॉगआउट हो जाएगा और उपयोगकर्ताओं को बार-बार लॉगिन प्रक्रिया दोहरानी होगी।

रेलवे का पुराना UTS एप बंद, अब ‘RailOne’ से होगी बुकिंग

भारतीय रेलवे ने अपनी टिकट प्रणाली में बड़ा फेरबदल करते हुए आज से पुराने अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम यानी UTS एप को पूरी तरह बंद कर दिया है। अब जनरल, प्लेटफॉर्म और लोकल ट्रेनों की डिजिटल टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को अनिवार्य रूप से नए ‘RailOne’ एप का उपयोग करना होगा।

जुलाई 2025 में लॉन्च किए गए इस नए एप को अब रेलवे की मुख्य बुकिंग प्रणाली के रूप में स्थापित कर दिया गया है। यात्री अब पुराने एप के जरिए अपनी टिकट बुक नहीं कर पाएंगे और उन्हें बेहतर सुविधाओं के लिए इस नए प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *