भारत इंफो : टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे रिंकू को निजी जिंदगी में गहरा सदमा लगा है। उनके पिता खानचंद सिंह का आज तड़के करीब साढ़े चार बजे निधन हो गया। वे चौथे स्टेज के लीवर कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे।
सूचना मिलते ही टीम से अलग हुए
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जैसे ही बल्लेबाज को पिता के निधन की खबर मिली, उन्होंने तुरंत टीम कैंप छोड़कर घर लौटने का फैसला किया। पिता का पार्थिव शरीर उनके गृह शहर अलीगढ़ पहुंच चुका है, जहां शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मैच से पहले अस्पताल पहुंचे थे
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले भी रिंकू अपने पिता को देखने अस्पताल गए थे। उन्होंने इसके लिए प्रैक्टिस से ब्रेक लिया और चेन्नई से सीधे नोएडा पहुंचे थे। पिता से मुलाकात के बाद वे 25 फरवरी को दोबारा टीम के साथ जुड़ गए थे।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
खिलाड़ी के पिता के निधन की खबर सामने आते ही क्रिकेट जगत और फैंस में शोक की लहर है। कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए संवेदनाएं व्यक्त की हैं और इस कठिन समय में खिलाड़ी को हिम्मत रखने की बात कही है।