भारत इंफो : भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह के प्रशंसक उस समय हैरान रह गए जब खबर आई कि उनका आधिकारिक फेसबुक अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है। रिंकू के भाई सोनू ਕੀ शिकायत के मुताबिक, साइबर ठगों ने न केवल उनके अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में लिया, बल्कि ईमेल आईडी बदलकर पेज से होने वाली मोटी कमाई को भी अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करना शुरू कर दिया।
रिंकू पिछले काफी समय से इंटरनेशनल मैचों और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में व्यस्त थे, जिसकी वजह से वे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर सक्रिय नहीं रह पाए और ठगों ने इसी व्यस्तता का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
4 फरवरी को हुआ पूरे खेल का खुलासा
धोखाधड़ी का यह मामला तब प्रकाश में आया जब रिंकू सिंह ने 4 फरवरी को मुंबई प्रवास के दौरान अपना फेसबुक अकाउंट लॉगिन करने की कोशिश की। कई प्रयासों के बावजूद जब पासवर्ड गलत बताता रहा, तो उन्होंने इसकी गहराई से जांच की।
जांच में सामने आया कि उनके मूल अकाउंट (rinkukumar344.8.7) से जुड़ी ईमेल आईडी को बदलकर (commercial.rinkukumar) कर दिया गया है। रिंकू ने नोटिस किया कि उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उनकी आईडी से लगातार फोटो और वीडियो अपलोड किए जा रहे थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि अकाउंट किसी और के कब्जे में है और पूरी तरह से हैक हो चुका है।
मोनेटाइज्ड अकाउंट से कमाई पर डाका
रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट 16 लाख फॉलोअर्स के साथ मोनेटाइज्ड श्रेणी में आता है, जिससे हर महीने अच्छी खासी आय होती है। हैकर्स ने चतुराई दिखाते हुए पेमेंट गेटवे में बदलाव कर दिया ताकि विज्ञापन से होने वाली पूरी कमाई सीधे उनके खातों में जाए। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए रिंकू के भाई ने एसएसपी से संपर्क किया, जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने पुष्टि की है कि पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से हैकर्स का सुराग लगा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।