भारत इंफो : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में आज सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे कई जिलों में विजिबिलिटी पर असर पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर-अंबाला और अंबाला-दिल्ली हाईवे पर सुबह के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धुंध के कारण ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि सुबह 10 बजे के बाद खिली धूप निकलने से धुंध छंटने के आसार हैं। फिलहाल विभाग ने किसी भी तरह का बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाओं ने ठिठुरन बरकरार रखी है।
वेस्टर्न डिस्टर्बैंस होगा एक्टिव, बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और सामान्य बना रहेगा। हालांकि, 9 फरवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बैंस (Western Disturbance) हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू करेगा। इसके प्रभाव से 10 फरवरी को पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मिजाज
मौसम के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है। फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और सुबह के समय धुंध का असर जारी रह सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बैंस के एक्टिव होने के बाद ही तापमान और हवाओं की दिशा में स्पष्ट बदलाव देखने को मिलेगा। तब तक लोगों को सुबह और शाम की गुलाबी ठंड का सामना करना पड़ेगा।