भारत इंफो : जालंधर में एक पुराने और मशहूर अस्पताल से जुड़े नामी डॉक्टर को गैंगस्टरों की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि गैंगस्टर ने फोन कॉल के ज़रिए डॉक्टर से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। धमकी में साफ कहा गया है कि रकम न देने पर डॉक्टर और उनके पूरे परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा।
सुरक्षा के लिए घर की किलेबंदी
धमकी मिलने के बाद डॉक्टर और उनका परिवार गहरे खौफ में है। सुरक्षा के मद्देनज़र डॉक्टर ने मॉडल टाउन स्थित अपने घर को इलेक्ट्रिक फेंसिंग यानी बिजली वाली तारों से कवर करवा दिया है। बताया जा रहा है कि डर के चलते डॉक्टर पिछले कई दिनों से घर से बाहर भी नहीं निकले हैं।
पुलिस से सुरक्षा की गुहार
पीड़ित डॉक्टर ने मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर को देते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कॉल की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
मेडिकल जगत में डर का माहौल
इस घटना के बाद शहर के अन्य डॉक्टरों और चिकित्सा जगत में भी दहशत का माहौल है। पीड़ित डॉक्टर का अस्पताल जालंधर के व्यस्त गुरु नानक मिशन चौक के पास स्थित है। इसके अलावा उनके एक करीबी रिश्तेदार की शहर में टू-व्हीलर की बड़ी एजेंसी भी बताई जा रही है।