loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

पंजाब में SBI मैनेजर से लाखों रुपए के गहने की लूट, बुलेट पर आए थे लुटेरे

भारत इंफो : मोहाली के जीरकपुर एयरोसिटी इलाके में शनिवार सुबह दिन-दहाड़े हथियारबंद लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक चीफ मैनेजर से पिस्तौल के बल पर लूट की गई। नकाबपोश लुटेरे करीब चार लाख रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गए।

शीशा नीचे करते ही छीना सोने से भरा बैग
पीड़ित की पहचान SBI के चीफ मैनेजर सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह सुबह अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान घनी धुंध के बीच बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक अचानक उनकी कार के सामने आ गए।

सुधांशु कुमार के अनुसार, जैसे ही उन्होंने कार का शीशा नीचे किया, दोनों लुटेरों ने उनका हाथ पकड़ लिया और कार में रखा सोने के गहनों से भरा बैग छीनने की कोशिश करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर गहने उतरवा लिए।

जान बचाने को गाड़ी भगाई तो की फायरिंग
पीड़ित ने बताया कि जान बचाने के लिए जब उन्होंने कार को तेजी से भगाने की कोशिश की, तो लुटेरों ने गोली चला दी। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जीरकपुर पुलिस के अधिकारी लाभ सिंह ने बताया कि उन्हें लूट की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता ने फायरिंग की बात कही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *