भारत इंफो : पंजाब के बाद अब चंडीगढ़ प्रशासन ने भी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शहर के स्कूलों में अब 13 जनवरी तक छुट्टियां रहेंगी। पहले स्कूल 10 जनवरी से खुलने वाले थे, लेकिन बढ़ती ठंड को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पहली से आठवीं तक स्कूल नहीं खुलेंगे
आदेश के मुताबिक पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल फिजिकल मोड में नहीं खुलेंगे। इसके साथ ही नॉन-बोर्ड कक्षाओं वाली नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के छात्र भी स्कूल नहीं बुलाए जाएंगे। हालांकि स्कूल सुबह 9 बजे खुलेंगे और शिक्षक इन कक्षाओं के लिए ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करवा सकेंगे। छात्रों को ठंड से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
10वीं और 12वीं की कक्षाएं लगेंगी
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दसवीं और बारहवीं कक्षा की फिजिकल कक्षाएं जारी रहेंगी। हालांकि स्कूल सुबह साढ़े 9 बजे से पहले नहीं खुलेंगे और दोपहर साढ़े 3 बजे छुट्टी करनी होगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्कूल स्टाफ का समय पहले की तरह नियमित रहेगा। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।