भारत इंफो : नए साल 2026 की शुरुआत पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर लेकर आ रही है। वर्ष 2026 में राज्य में कुल 11 लंबे वीकेंड बन रहे हैं, जिनके चलते स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों में लगातार तीन-तीन दिन की सरकारी छुट्टियां मिलेंगी। इसका लाभ सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी मिलेगा। इस साल 6 प्रमुख त्योहार शुक्रवार और 5 त्योहार सोमवार को पड़ रहे हैं, जिससे शनिवार और रविवार को जोड़कर लंबे वीकेंड बन रहे हैं।
जनवरी और मार्च में साल की पहली लंबी छुट्टियां
साल की शुरुआत जनवरी में ही लंबे वीकेंड से होगी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस सोमवार के दिन है, जिससे 24 और 25 जनवरी के साथ तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। इसके बाद मार्च में 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह का शहीदी दिवस सोमवार को पड़ रहा है। ऐसे में 21 और 22 मार्च के शनिवार-रविवार को जोड़कर लगातार तीन दिन का अवकाश रहेगा।
अप्रैल से सितंबर तक लगातार बनेंगे लंबे वीकेंड
अप्रैल महीने में 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे शुक्रवार को है, जिसके बाद शनिवार और रविवार को मिलाकर तीन दिन की छुट्टी बनेगी। जून में 29 जून को कबीर जयंती सोमवार को है, जिससे 27 और 28 जून के साथ लंबा वीकेंड मिलेगा। जुलाई में 31 जुलाई को शहीद ऊधम सिंह जयंती शुक्रवार को पड़ रही है, जिससे अगस्त के पहले सप्ताह की शुरुआत भी तीन दिन की छुट्टी के साथ होगी। सितंबर में 4 सितंबर को जन्माष्टमी शुक्रवार को होने से एक और लंबा वीकेंड बन रहा है।
अक्टूबर और नवंबर में त्योहारों की छुट्टियों की भरमार
अक्टूबर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती शुक्रवार को है, जिससे तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। इसी महीने 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती सोमवार को पड़ रही है, जिससे 24 और 25 अक्टूबर के साथ लगातार तीन दिन का अवकाश रहेगा। नवंबर में 7 नवंबर शनिवार, 8 नवंबर रविवार को दिवाली और 9 नवंबर सोमवार को विश्वकर्मा डे होने से तीन दिन की छुट्टी बनेगी। इसके अलावा 16 नवंबर को करतार सिंह सराभा का शहीदी दिवस सोमवार को है, जिससे नवंबर में एक और लंबा वीकेंड मिलेगा।
साल के अंत में 4 दिन की लगातार छुट्टी
साल के अंत में पंजाब के लोगों को सबसे बड़ी राहत दिसंबर में मिलेगी। 25 दिसंबर को क्रिसमस शुक्रवार को है। इसके बाद 26 दिसंबर शनिवार, 27 दिसंबर रविवार और 28 दिसंबर सोमवार को शहीदी सभा की छुट्टी होने से कुल चार दिन की लगातार सरकारी छुट्टी रहेगी।