loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के साथ नए साल की शुरुआत, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ में नए साल का आगाज बारिश के साथ हुआ है। वीरवार सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। चंडीगढ़, मोहाली और लुधियाना समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश के कारण मौसम में हल्का बदलाव देखा गया, हालांकि इसके बावजूद शीतलहर और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से पहले ही घने कोहरे, हल्की बारिश और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश के औसत तापमान में करीब 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। गुरदासपुर 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में विजिबिलिटी जीरो के करीब
घने कोहरे के कारण कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रही। अमृतसर और चंडीगढ़ में दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जबकि लुधियाना में यह 10 मीटर और पटियाला में 20 मीटर रही। हलवारा, गुरदासपुर, पठानकोट, बठिंडा और बल्लोवाल सौंकड़ी में भी दृश्यता 50 मीटर से कम पाई गई। खराब विजिबिलिटी के चलते हवाई और रेल यातायात पर भी असर पड़ा है।

वेस्टर्न डिस्टर्बैंस से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बैंस बना हुआ है, जिसका असर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। मध्य वायुमंडल में बनी लंबी हवा की पट्टी और दक्षिण पंजाब में ऊंचाई पर चल रही तेज हवाओं के कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में भी ऊपरी हवा का प्रभाव बना हुआ है।

कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना
आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं तरनतारन, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट
अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा और लुधियाना में कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है। इसके साथ ही फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा के कुछ इलाकों में ठंडा दिन यानी कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला में भी कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *