loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

आदमपुर एयरपोर्ट से वाराणसी, दिल्ली और जयपुर के लिए शुरू हों नई उड़ानें: सुशील रिंकू ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा मांगपत्र

भारत इंफो : पंजाब के दोआबा क्षेत्र के लोगों को बेहतर हवाई सुविधाएं दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन एन. किंजारापु से विशेष मुलाकात की। इस बैठक के दौरान उन्होंने आदमपुर एयरपोर्ट से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू करने की पुरजोर मांग की और इस संबंध में केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा। सुशील रिंकू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना है और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।

वाराणसी के लिए सीधी उड़ान की जरूरत और महत्व

सुशील रिंकू ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि वाराणसी का दोआबा क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत बड़ा धार्मिक और व्यापारिक महत्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी में सद्गुरु श्री रविदास महाराज जी का पावन जन्म स्थान, कबीर चौरा मठ और 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख काशी विश्वनाथ मंदिर स्थित है, जिसके कारण यहाँ साल भर श्रद्धालुओं का भारी आवागमन रहता है। इसके अतिरिक्त वाराणसी कपड़ों के कारोबार का एक बहुत बड़ा केंद्र है और जालंधर सहित पंजाब के अनेक कारोबारी व्यापार के सिलसिले में वहाँ आते-जाते हैं। ऐसे में आदमपुर से वाराणसी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से कारोबारियों और श्रद्धालुओं दोनों को ही बड़ी राहत मिलेगी।

दिल्ली, मुंबई और जयपुर के लिए कनेक्टिविटी का प्रस्ताव

पूर्व सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि आदमपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के लिए सीधी कमर्शियल उड़ान शुरू की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई के लिए भी नई कमर्शियल फ्लाइट की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जयपुर रूट का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व में स्टार एयरलाइन ने यहाँ सेवा शुरू करनी थी लेकिन किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो पाया। अब उन्होंने मांग की है कि सरकार प्राथमिकता के आधार पर किसी भी एयरलाइन के माध्यम से जयपुर को जालंधर से सीधे जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करे ताकि पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिल सके।

कनेक्टिंग फ्लाइट और श्रीनगर रूट पर सुझाव

मुलाकात के दौरान सुशील रिंकू ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि सीधी उड़ानों के अलावा कनेक्टिंग फ्लाइट्स के माध्यम से भी आदमपुर को जोड़ा जा सकता है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को आदमपुर के साथ जोड़कर एक नया ‘श्रीनगर-आदमपुर-दिल्ली’ रूट तैयार किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह हिंडन और नांदेड़ साहिब के लिए उड़ानें सफल रही हैं, उसी तर्ज पर इन नए रूटों को भी आरसीएस के तहत विकसित किया जाना चाहिए ताकि आम लोगों को किफायती हवाई सेवा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *