loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 40°C
Breaking News

छत्तीसगढ़-आंध्र सीमा पर भीषण सड़क हादसा, मारेडमिल्ली घाटी में बस पलटने से 9 यात्रियों की मौत

भारत इंफो : छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित मारेडमिल्ली घाटी में (12 दिसंबर) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरकू से रायलासीमा के चिंतुर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अनियंत्रित होकर घाटी में समा गई बस

हादसा उस वक्त हुआ जब बस में करीब 40 यात्री सवार थे। एएसआर (ASR) जिला कलेक्टर दिनेश कुमार के मुताबिक, यह दुर्घटना चिंतुर और भद्राचलम के बीच स्थित घाट रोड पर हुई। पहाड़ी और घुमावदार रास्ता होने के कारण बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क से फिसलकर नीचे घाटी में जा गिरी। बस के गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखच्चे उड़ गए।

राहगीरों ने शुरू किया रेस्क्यू, घायल अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना के तुरंत बाद उस मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने मलबे से 9 शवों को बाहर निकाला है।

सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से भद्राचलम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मारेडमिल्ली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि घायलों में कुछ की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *