भारत इंफो : चक्रवात ‘दितवाह’ की भीषण मार झेल रहे श्रीलंका को पाकिस्तान से मिली मानवीय सहायता पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुश्किल की इस घड़ी में पाकिस्तान द्वारा भेजी गई राहत सामग्री एक्सपायर्ड निकली, जिसकी अंतिम उपयोग की तिथि (Expiry Date) अक्टूबर 2024 की लिखी हुई थी। राहत सामाग्री में यह लापरवाही सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना हो रही है।
पाकिस्तानी हाईकमीशन की पोस्ट से हुआ खुलासा
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब श्रीलंका में मौजूद पाकिस्तानी हाईकमीशन ने 30 नवंबर को अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर राहत सामग्री वितरण की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में कुछ सामाग्रियों पर एक्सपायरी डेट साफ तौर पर दिखाई दे रही थी। पोस्ट के वायरल होते ही, लोगों ने मुश्किल समय में पुराना सामान भेजने के लिए पाकिस्तान के रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और उसकी खूब आलोचना की।
चक्रवात दितवाह से श्रीलंका में भारी तबाही
एक तरफ राहत सामाग्री को लेकर विवाद है, वहीं दूसरी ओर श्रीलंका इस समय साइक्लोन ‘दितवाह’ के कारण आई भारी बाढ़ और तबाही से जूझ रहा है।
- इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 390 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
लगभग 370 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
देश भर में 11 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
तकरीबन 2 लाख लोग अपना घर छोड़कर Shelter Homes में रहने को मजबूर हैं।