भारत इंफो : संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आह्वान पर बुधवार को चंडीगढ़ में बड़ी किसान रैली होने जा रही है। अनुमान है कि करीब 10 हजार किसान शहर में पहुंचेंगे। प्रशासन ने सेक्टर-43 स्थित दशहरा ग्राउंड में दोपहर 12 से 3 बजे तक रैली की अनुमति दी है।
पहली बार बिना शर्त मंजूरी
इस बार प्रशासन ने किसानों को बिना किसी शर्त के रैली की अनुमति दी है। रैली स्थल पर किसान संगठनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेक्टर-43 मोहाली की सीमा से सटा होने के कारण किसान शहर के भीतर आगे नहीं बढ़ सकेंगे।
दिल्ली किसान आंदोलन के 5 साल पूरे
किसान नेताओं ने बताया कि दिल्ली आंदोलन को पांच साल पूरे हो गए हैं, पर उनकी मांगें अभी तक पूरी नहीं हुईं। इसी को लेकर चंडीगढ़ में यह रैली आयोजित की गई है। इस दौरान आंदोलन की पांचवीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी। लगभग 30 किसान संगठन शामिल होने की संभावना है।
रातभर चली तैयारी
रैली स्थल पर देर रात तक किसान नेता व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। खुले मैदान में बड़ा मंच तैयार किया गया है और बैठने की पूरी व्यवस्था कर दी गई है।
ट्रैफिक रूट बदलें, नहीं तो परेशानी होगी
रैली के कारण शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने जिन रूट्स पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है, उनमें शामिल हैं
- कजहेड़ी चौक से छोटा सेक्टर-43 चौक
- अटावा चौक
- सेक्टर-43/44 लाइट प्वाइंट से ज्यूडिशियल अकादमी लाइट प्वाइंट
- सेक्टर-42/43 की वी-4 रोड