भारत इंफो : भारत के चीफ जस्टिस बीआर गवई के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश सूर्यकांत को भारत का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। जस्टिस सूर्यकांत वर्तमान प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह लेंगे।
जस्टिस गवई 23 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को सीजेआइ पद की शपथ लेंगे और कार्यभार ग्रहण करेंगे। सीजेआइ के रूप में जस्टिस सूर्यकांत का कार्यकाल 14 महीने का होगा और वह नौ फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।
जस्टिस सूर्यकांत जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने, पेगासस जासूसी मामले और बिहार एसआइआर सहित कई ऐतिहासिक फैसला देने वाली पीठों का हिस्सा रहे हैं।केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर पोस्ट करके जस्टिस सूर्यकांत की नियुक्ति की जानकारी दी और उन्हें भारत का प्रधान न्यायाधीश नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई दी है।