loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

जालंधर में ज्वेलर समेत 3 तस्कर गिरफ्तार, लाखों नशीली गोलियां बरामद

भारत इंफो: महानगर जालंधर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नशीली गोलियों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फ्रीलांसर ज्वेलर समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.23 लाख नशीली गोलियां, 2 गाड़ियां और एक एक्टिवा बरामद की है।

ऐसे हुआ पहला पर्दाफाश

गुप्त सूचना के आधार पर थाना-1 की पुलिस ने मिट्ठापुर के सतनाम नगर निवासी फ्रीलांसर ज्वेलर अमित वर्मा उर्फ सन्नी को पकड़ा। वह अपने ग्राहक को एक्टिवा पर नशीली गोलियां सप्लाई करने जा रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से 24 हजार नशीली गोलियां मिलीं।

दूसरा आरोपी गुलमोहर कॉलोनी से दबोचा गया

पूछताछ में सामने आया कि सन्नी ज्वेलर यह गोलियां अजय कुमार (निवासी तिलक नगर) से खरीदता था। पुलिस ने अजय को गुलमोहर कॉलोनी में नाकाबंदी करके पकड़ा। उसकी गाड़ी से 1 लाख 12 हजार नशीली गोलियां बरामद हुईं।

तीसरा आरोपी निकला रैकेट का किंगपिन

अजय से पूछताछ में पता चला कि इस रैकेट का किंगपिन नितिन शर्मा (निवासी बचिंत नगर, रेरू पिंड) है। वह यूपी से नशीली गोलियां मंगवाकर पंजाब और जालंधर में सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे बर्ल्टन पार्क में ट्रैप लगाकर दबोचा और उसके पास से 87 हजार नशीली गोलियां बरामद कीं।

पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि सीआईए स्टाफ इंचार्ज सुरिंदर कुमार कंबोज ने डीसीपी इंवेस्टीगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी जयंत पुरी और एडीसीपी परमजीत सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना-1 में केस दर्ज कर कोर्ट से रिमांड हासिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *