Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे यात्रा का शुभारंभ, समरसता संकल्प यात्रा रायपुर रसूलपुर से होगी शुरुआत

भारत इंफो : श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा’ आज जालंधर के रायपुर रसूलपुर से दोपहर को रवाना होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस बहुप्रतीक्षित यात्रा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा कुल 2,558 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी (काशी) में संपन्न होगी।

7 राज्यों से गुजरेगी यात्रा, काशी में होगा समापन
यह धार्मिक और सामाजिक यात्रा कुल 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन काशी में होगा, जिसके भव्य समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की पूरी संभावना है।

पंडाल में नहीं लगेंगे राजनीतिक झंडे, मंच पर खास व्यवस्था
भाजपा के प्रदेश सचिव और जालंधर के प्रभारी सूरज भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह से एक धार्मिक और सामाजिक आयोजन है, कोई राजनीतिक रैली नहीं है। यही कारण है कि यात्रा के शुभारंभ स्थल पर बनाए गए पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे। इसके अलावा मंच को दो लेयर में तैयार किया गया है, जहां संत समाज सबसे ऊपर बैठेगा और भाजपा नेता दूसरी पंक्ति में मौजूद रहेंगे।

नितिन नबीन का पूरा कार्यक्रम
तय शेड्यूल के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:35 बजे वे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर स्थित गांव रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2:55 बजे वे गांव रायपुर में ही संत समाज के साथ सहभोज और संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को पूरे साल एक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *