Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 15°C
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट मुठभेड़ में ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी

सुरक्षा बलों ने आत्मसमर्पण के लिए कई बार दिया मौका, इनकार के बाद शुरू हुई मुठभेड़; मस्जिद को नहीं पहुंचा नुकसान

श्रीनगर, 18 नवंबर

जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का मोस्ट वांटेड कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मुठभेड़ में मारा गया। बुधवार को जांगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकी के बीच हुई मुठभेड़ में उसके मारे जाने की खबर सामने आई है।

मस्जिद में छिपा था आतंकी

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि लतीफ भट जांगलपोरा इलाके में मौजूद है। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान लतीफ एक मस्जिद के अंदर छिपा मिला। कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार अपील की। अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे संपर्क कर हथियार डालने को कहा, लेकिन उसने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया। बाद में उसकी ओर से गोलीबारी किए जाने पर मुठभेड़ शुरू हो गई।

15 लाख रुपये का था इनाम

रिपोर्टों के अनुसार, 22 वर्षीय लतीफ भट कुलगाम के अशमुजी इलाके का रहने वाला था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उस पर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान गांव में सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जांच एजेंसियों को इस हमले से पहले लतीफ और उसके सहयोगी उमर निसार डार की संदिग्ध गतिविधियों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले थे।

सहयोगी भी मारा गया था

इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लतीफ का सहयोगी उमर निसार डार मारा गया था। लतीफ उस समय घेराबंदी से निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद से ही सुरक्षा बल उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे थे।

रिपोर्टों के मुताबिक, बुधवार के ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती और मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, लतीफ की मौत को लेकर कुछ शुरुआती रिपोर्टों में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार बताया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *