भारत इंफो, नई दिल्ली/मस्कट
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नाविकों को ले जा रहे पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर TARA GAS पर मिसाइल हमला किया गया। इस जहाज पर 24 भारतीय नागरिकों सहित कुल 25 क्रू सदस्य सवार थे।
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को हमले की पुष्टि करते हुए शुरुआत में बताया था कि सभी 25 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बाद में जहाज पर दोबारा हमले की खबर सामने आई, जिसके बाद चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा।
एक भारतीय नाविक लापता, दो अस्पताल में भर्ती
ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए बताया कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित ओमान के खासाब तट पर पहुंचा दिया गया है। दो भारतीय नाविक घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक अभी लापता है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। भारतीय दूतावास ओमान के स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने बचाव कार्यों में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार जताया है।
अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर चिंता
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इस समुद्री मार्ग पर काफी हद तक निर्भर है। लगातार जहाजों को निशाना बनाए जाने से अंतरराष्ट्रीय व्यापार, तेल और गैस की आपूर्ति तथा समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारत ने व्यावसायिक जहाजों और आम नागरिक नाविकों को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही बहाल करने की मांग की है।