भारत इंफो : पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की कस्टडी पैरोल को लेकर जल्द फैसला आ सकता है। इस मामले में अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। इसी बीच अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे ने दावा किया है कि वह 21 नवंबर को असम की डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आएंगे। पार्टी की ओर से इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी साझा की गई है।
कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला रखा सुरक्षित
अमृतपाल सिंह की पैरोल को लेकर अदालत में सुनवाई हुई। उनके वकीलों की ओर से 21 से 23 नवंबर तक कस्टडी पैरोल देने की मांग की गई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब सभी की नजरें अदालत के अंतिम आदेश पर टिकी हैं।
दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहते हैं अमृतपाल
दरअसल, अमृतपाल सिंह अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आना चाहते हैं। उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था, लेकिन परिवार की ओर से अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिवार की इच्छा है कि अमृतपाल सिंह अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें। इसी वजह से उनकी ओर से अदालत में कस्टडी पैरोल की मांग की गई है।
14 नवंबर को भी मिली थी 3 घंटे की पैरोल
इससे पहले अमृतपाल सिंह को 14 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मिली थी। हालांकि, प्रशासनिक और अन्य व्यवस्थाओं के चलते उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल से बाहर नहीं लाया जा सका। इसके बाद उनके वकीलों ने दोबारा अदालत का रुख किया और 21 से 23 नवंबर तक कस्टडी पैरोल देने की मांग रखी। अब अदालत के फैसले से ही स्पष्ट होगा कि अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिलती है या नहीं।