Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

उत्तराखंड में भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत और 26 घायल

हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही थी बस; गूलर बाजार के पास हुआ हादसा, SDRF ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

भारत इंफो, देहरादून

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक बस ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे गूलर पुल के पास हुआ। बस हरिद्वार से कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी और उसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने के बाद बस खाई में गिर गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी SDRF की टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश स्थित एम्स और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हुईं। हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा गया है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *