Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

कनाडा में वाहन चोरी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश, दो पंजाबी युवकों समेत 12 गिरफ्तार

96 लग्जरी गाड़ियां बरामद, कीमत करीब 4.5 मिलियन कनाडाई डॉलर; चोरी की गाड़ियों को कंटेनरों में भरकर पश्चिमी अफ्रीका भेजने की थी तैयारी

पुलिस ने कार्रवाई को ‘प्रोजेक्ट कैडेटा’ (Project Cadetta) नाम दिया

भारत इंफो, टोरंटो

कनाडा में वाहन चोरी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पील रीजनल पुलिस और कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) की संयुक्त कार्रवाई में दो पंजाबी मूल के युवकों सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कुल 231 आपराधिक आरोप दर्ज किए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई को ‘प्रोजेक्ट कैडेटा’ (Project Cadetta) नाम दिया गया था। जांच के दौरान करीब 4.5 मिलियन कनाडाई डॉलर (लगभग 45 लाख डॉलर) कीमत के 96 चोरी किए गए वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें लग्जरी SUV, पिकअप ट्रक और अन्य महंगे वाहन शामिल हैं।

दो पंजाबी युवकों की पहचान

गिरफ्तार किए गए पंजाबी मूल के युवकों की पहचान 26 वर्षीय करमवीर सिंह निवासी ब्रैम्पटन और 25 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जसप्रीत सिंह का कोई स्थायी पता दर्ज नहीं है।पुलिस के मुताबिक, करमवीर सिंह पर अपराध से प्राप्त संपत्ति रखने और 5,000 डॉलर से अधिक मूल्य के चोरी के सामान की तस्करी से संबंधित आठ आरोप लगाए गए हैं। वहीं जसप्रीत सिंह पर इन दोनों श्रेणियों में एक-एक आरोप दर्ज किया गया है।

ब्रैम्पटन के गोदाम से चल रहा था नेटवर्क

पुलिस ने मार्च 2026 में इस मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान ब्रैम्पटन के कैडेटा रोड स्थित एक गोदाम पर नजर रखी गई, जिसका कथित तौर पर चोरी किए गए वाहनों को छिपाने और आगे भेजने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, चोरी की गाड़ियों को शिपिंग कंटेनरों में लोड करके कनाडा के बंदरगाहों के रास्ते पश्चिमी अफ्रीका भेजने की तैयारी की जाती थी। इस नेटवर्क में पांच प्रमुख आरोपियों पर चोरी, वाहनों की आवाजाही और विदेश भेजने की व्यवस्था करने का आरोप है। अन्य आरोपी परिवहन, कंटेनर में गाड़ियां लोड करने और वाहनों के पहचान नंबर (VIN) बदलने जैसी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल थे।

सभी 12 आरोपी फिलहाल रिहा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 12 आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के बाद रिहा कर दिया गया है। इनमें नौ आरोपियों को भविष्य में अदालत में पेश होने की शर्त पर छोड़ा गया, जबकि तीन को जमानत सुनवाई के बाद रिहाई मिली। पुलिस ने संकेत दिया है कि आपराधिक मामलों की सुनवाई पूरी होने के बाद कुछ आरोपियों के खिलाफ कनाडा की इमिग्रेशन एजेंसी द्वारा कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें देश से निष्कासन भी शामिल है। जांच अभी जारी है और पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे और आरोप लगाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *