Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

कैप्टन अमरिंदर सिंह की दो टूक, कांग्रेस में वापसी का सवाल ही नहीं

राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अटकलों पर लगाया विराम, बोले- गांधी परिवार से पुराने पारिवारिक संबंध, कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक था

भारत इंफो, नई दिल्ली

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में वापसी की अटकलों को खारिज कर दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में शामिल होने के बाद उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह कांग्रेस में वापस नहीं लौट रहे हैं।

बीते कल नई दिल्ली के ITC मौर्या होटल में आयोजित इस समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा छेड़ दी। खास बात यह रही कि वह कांग्रेस और विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए।

मीडिया से बातचीत में कांग्रेस में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ तौर पर ‘नहीं’ कहा। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी उनके पुस्तक विमोचन के तीन कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। इसलिए उनके निमंत्रण पर वह भी इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं।

कैप्टन ने कहा कि गांधी परिवार के साथ उनके लंबे समय से व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सामाजिक कार्यक्रम था और इसमें राजनीतिक अर्थ नहीं तलाशे जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के किसी नेता ने उन्हें पार्टी में लौटने के लिए नहीं कहा है और न ही इस संबंध में उनसे कोई बातचीत हुई है।

राहुल गांधी ने भी किया कैप्टन का जिक्र

समारोह के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी कैप्टन अमरिंदर सिंह का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाते हुए बताया कि जिस समय उनके माता-पिता के बीच बहस हुई थी, उस समय उनके पिता कैप्टन अमरिंदर सिंह से फोन पर बात कर रहे थे।

2021 में छोड़ी थी कांग्रेस

गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद नवंबर 2021 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया। वर्ष 2022 में वह भाजपा में शामिल हो गए और बाद में उनकी पार्टी का भाजपा में विलय हो गया। अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह में उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि कैप्टन ने अपने बयान से कांग्रेस में वापसी की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *