Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर खुले करतारपुर साहिब कॉरिडोर: CM मान की PM मोदी से अपील

बोले- वाघा बॉर्डर नहीं खुल सकता तो कम से कम करतारपुर का रास्ता खोलें

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन-दीदार के लिए रोजाना अरदास कर रहे हैं। केंद्र सरकार को सिख संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कॉरिडोर खोलने का ऐलान करना चाहिए।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। यदि वाघा बॉर्डर नहीं खोला जा सकता तो कम से कम श्री करतारपुर साहिब का कॉरिडोर ही खोल दिया जाए, ताकि श्रद्धालु सुबह जाकर माथा टेक सकें और उसी दिन वापस लौट सकें। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के करीब 16 वर्ष करतारपुर साहिब में बिताए थे। यहां उन्होंने खेती की, मेहनत से आजीविका कमाने, नाम जपने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया। मान ने बताया कि इस मुद्दे पर पंजाब विधानसभा में भी कॉरिडोर दोबारा खोलने के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक फैसला लेंगे।

7 मई 2025 से बंद है कॉरिडोर

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर चलाए जाने के बाद 7 मई 2025 से करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद है। यह कॉरिडोर भारत के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, करतारपुर से जोड़ता है। भारत सरकार ने सुरक्षा परिस्थितियों का हवाला देते हुए कॉरिडोर सेवाएं फिलहाल निलंबित रखी हैं। ऐसे में प्रकाश पर्व से पहले मुख्यमंत्री मान की इस अपील ने करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग को फिर चर्चा में ला दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *