Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह, राजनीतिक हलकों में चर्चा

राहुल गांधी और प्रियंका भी रहे मौजूद

सोनिया गांधी की पुस्तक का नाम ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love)

भारत इंफो, नई दिल्ली

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई प्रमुख राजनीतिक नेता मौजूद रहे।

सोनिया गांधी की पुस्तक का नाम ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) है। दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में आयोजित समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, फारूक अब्दुल्ला, सुप्रिया सुले और अभिषेक बनर्जी सहित कई राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।

कांग्रेस छोड़ने के बाद सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचे कैप्टन

कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी इसलिए चर्चा में रही क्योंकि उन्होंने वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। कभी कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे कैप्टन का सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में पहुंचना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना। हालांकि, उनकी इस उपस्थिति को कांग्रेस में वापसी या किसी नए राजनीतिक गठबंधन से जोड़ने का कोई आधिकारिक संकेत सामने नहीं आया है।

सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी और राजनीतिक सफर को किताब में किया साझा

सोनिया गांधी की इस पुस्तक में उनके इटली में शुरुआती जीवन, राजीव गांधी से विवाह, भारत में जीवन और भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका से जुड़े अनुभव शामिल हैं। पुस्तक के माध्यम से उन्होंने अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक सफर को पाठकों के सामने रखा है। समारोह में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी ने इसे दिल्ली के प्रमुख राजनीतिक आयोजनों में शामिल कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *