loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 20°C
Breaking News

पंजाब चुनाव 2027: भाजपा ने किया मेनिफेस्टो और चार्जशीट कमेटियों का गठन; अविनाश खन्ना और सुनील जाखड़ को बड़ी जिम्मेदारी

राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और मनप्रीत बादल मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल

संदीप पाठक, अशोक मित्तल और सुशील रिंकू को चार्जशीट कमेटी में जगह

भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को प्रदेश स्तर पर मेनिफेस्टो कमेटी और चार्जशीट कमेटी का गठन किया। दोनों कमेटियों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रभावशाली चेहरों को शामिल किया गया है। भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को मेनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन बनाया है, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी की कमान सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण कमेटियों की भी घोषणा की जाएगी।

13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी में बड़े नाम
भाजपा की 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एडवोकेट एच.एस. फूलका को शामिल किया गया है। यह कमेटी पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों से सुझाव जुटाकर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएगी।

सुनील जाखड़ की अगुवाई में 14 सदस्यीय चार्जशीट कमेटी
भाजपा ने चार्जशीट कमेटी में भी कई बड़े राजनीतिक चेहरों को जगह दी है। इस कमेटी में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एस.एस. चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी की अहम जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के कार्यकाल और उसके कामकाज से जुड़े मुद्दों को सामने लाकर भाजपा का राजनीतिक आरोप-पत्र तैयार करना होगी।

AAP से भाजपा में आए नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी
इन नियुक्तियों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए कई नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को मेनिफेस्टो कमेटी में जगह मिली है, जबकि संदीप पाठक, अशोक मित्तल और सुशील रिंकू चार्जशीट कमेटी का हिस्सा बनाए गए हैं। यह नियुक्तियां पंजाब की राजनीति में भाजपा की बदलती रणनीति की ओर भी संकेत करती हैं। पार्टी पुराने अनुभवी नेताओं के साथ नए राजनीतिक चेहरों और अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाली हस्तियों को भी चुनावी रणनीति में शामिल कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *