‘बात बनते-बनते बिगड़ी…,पुराने नेता की वापसी के लिए गांव पहुंचने वाले थे पार्टी सुप्रीमो
गठबंधन की राह पर आगे बढ़ रही पार्टी में बड़े घटनाक्रम की थी तैयारी
मनुपाल शर्मा, जालंधर
पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की आवाजाही और गठबंधन की कवायद के बीच एक ऐसा सियासी घटनाक्रम सामने आया है, जहां बात लगभग बन चुकी थी, लेकिन भरोसे से जुड़े एक ‘डायलॉग’ ने पूरी पटकथा ही बदल दी। जिस पार्टी में एक पुराने नेता की घर वापसी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं, वहां अब 13 नवंबर को होने वाला कार्यक्रम ही टाल दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन की दिशा में आगे बढ़ रही इस पार्टी में एक पुराने नेता की वापसी को लेकर अंदरखाते सहमति बन गई थी। यहां तक कि पार्टी सुप्रीमो की ओर से खुद नेता के गांव पहुंचकर उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल करवाने का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा था। राजनीतिक हलकों में 13 नवंबर को इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज थीं। माना जा रहा था कि इस जॉइनिंग के साथ पार्टी एक बड़ा सियासी संदेश देगी।
लेकिन ऐन मौके पर कहानी में नया मोड़ आ गया। बताया जा रहा है कि पार्टी में वापसी करने जा रहे नेता की ओर से भरोसे को लेकर कही गई एक बात और उनके कुछ बिगड़े बोल पार्टी सुप्रीमो को नागवार गुजर गए। बात इतनी बढ़ी कि जिस जॉइनिंग को लेकर तैयारियां चल रही थीं, उस पर ही विराम लग गया।
मनाने की कोशिशें हुईं, लेकिन कार्यक्रम टला
सूत्रों का कहना है कि विवादित बातचीत के बाद बिगड़े माहौल को संभालने और नेता के बयान का असर कम करने के लिए कई स्तरों पर कोशिशें की गईं। संदेशों के आदान-प्रदान से लेकर सफाई देने तक के प्रयास हुए, खुद नेताजी के घर तक पहुंच की गई लेकिन फिलहाल बात नहीं बन सकी। नतीजतन, 13 नवंबर को पार्टी सुप्रीमो का संबंधित नेता के गांव पहुंचने का कार्यक्रम टाल दिया गया है।
चुनावी गणित में एक जॉइनिंग के मायने
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए हर राजनीतिक दल अपने पुराने नेताओं को साथ लाने और नए सियासी समीकरण बनाने में जुटा है। ऐसे में किसी पुराने नेता की घर वापसी केवल व्यक्तिगत राजनीतिक फैसला नहीं, बल्कि पार्टी के लिए संगठनात्मक और चुनावी संदेश भी होती है। खासकर उस समय, जब गठबंधन को लेकर चर्चाएं चल रही हों। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भरोसे को लेकर पैदा हुई यह खटास दूर होगी और जॉइनिंग की नई तारीख तय होगी, या फिर आखिरी समय पर बिगड़ी बात पंजाब की राजनीति में एक नया मोड़ लेगी? इतना जरूर है कि 13 नवंबर को होने वाला संभावित सियासी घटनाक्रम अब इंतजार में बदल गया है।