loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 25°C
Breaking News

हिंदू समाज पिछली एक सदी की तुलना में अधिक दृश्यमान, स्वीकार्य और सम्माननीय स्थिति में : स्वामी विज्ञानानंद

मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा विश्व हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन, 60 से अधिक देशों के 4,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद

 

भारत इंफो, जालंधर

विश्व हिंदू समुदाय का वैश्विक सम्मेलन ‘विश्व हिंदू कांग्रेस 2026’ इस वर्ष 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ यानी साझा संकल्प और सामूहिक दृढ़ता रखा गया है। इसमें भारत सहित दुनिया के 60 से अधिक देशों से 4,500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

विश्व हिंदू कांग्रेस के प्रणेता स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती ने जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सांसद अशोक मित्तल मुख्य अतिथि और सेवानिवृत्त एडीजीपी जसकरन सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि आज हिंदू समाज पिछली एक सदी की तुलना में कहीं अधिक दृश्यमान, स्वीकार्य और सम्माननीय स्थिति में है। अब समय है कि समाज संगठित होकर साझा संकल्प के साथ अपनी आकांक्षाओं को साकार करे और एकता के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करे।

उन्होंने बताया कि मुंबई में सम्मेलन के दौरान सात समानांतर विषयगत सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें विश्व हिंदू आर्थिक मंच, हिंदू शिक्षा सम्मेलन, हिंदू मीडिया सम्मेलन, हिंदू राजनीतिक सम्मेलन, हिंदू महिला सम्मेलन, हिंदू युवा सम्मेलन और हिंदू संगठनात्मक सम्मेलन शामिल हैं। इन मंचों पर आर्थिक, शैक्षणिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

विश्व हिंदू कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पिरामल समूह के चेयरमैन अजय पिरामल ने अपने संदेश में कहा कि यह मंच हिंदू चिंतन को वैश्विक महत्वाकांक्षाओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। उनके अनुसार, 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी इस आयोजन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाती है।

सम्मेलन के सह-अध्यक्ष के रूप में विशाद मफतलाल और महेश भागचंदका को नियुक्त किया गया है। आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया भर के हिंदू नेताओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है।

गौरतलब है कि विश्व हिंदू कांग्रेस की शुरुआत वर्ष 2014 में दिल्ली से हुई थी। इसके बाद 2018 में शिकागो और नवंबर 2023 में बैंकॉक में इसका आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, पिछले सम्मेलनों में 60 से अधिक देशों के 6,500 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले चुके हैं। पिछले आयोजनों में दलाई लामा, माता अमृतानंदमयी, आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उद्योगपति और शिक्षाविद सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *