भारत इंफो : पंजाब में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और बढ़ते गन-कल्चर को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के हालात को संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। लुधियाना में एक निजी समारोह में शामिल होने पहुंचे राज्यपाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश में जिस तरह रोजाना आपराधिक वारदातें हो रही हैं, वे चिंता का विषय हैं।
‘पटाखों की तरह चलती हैं गोलियां’
पंजाब में बढ़ते हथियारों के इस्तेमाल और गन-कल्चर पर टिप्पणी करते हुए गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि यहां गोलियां इस तरह चलाई जाती हैं, जैसे कोई पटाखे चला रहा हो। उन्होंने कहा कि पता नहीं लोगों को गोली चलाने की इतनी आदत क्यों हो गई है।
छोटी-छोटी बातों पर भी हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह स्थिति समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
‘छोटा बच्चा भी चला देता है पिस्तौल’
राज्यपाल ने चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब में हालात ऐसे हो गए हैं कि छोटी उम्र के बच्चे भी पिस्तौल चलाने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने इस प्रवृत्ति को समाज के लिए बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि आपराधिक घटनाओं का लगातार सामने आना और मामूली विवादों में गोलियां चलना बेहद चिंताजनक है।
कानून-व्यवस्था को संतोषजनक नहीं मानते राज्यपाल
मीडिया से बातचीत के दौरान कटारिया ने स्पष्ट कहा कि पंजाब में मौजूदा कानून-व्यवस्था को संतोषप्रद नहीं कहा जा सकता। उन्होंने प्रदेश में रोजाना होने वाली आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।
इस बयान के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था और गन-कल्चर को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने की संभावना है।