Thursday, November 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, इस साल 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

भारत इंफो, देहरादून : उत्तराखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार (11 नवंबर) सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस साल की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, इस वर्ष बाबा केदार के दर्शन के लिए 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। इसे यात्रा के दौरान नया रिकॉर्ड बताया जा रहा है।

कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक पूजा और सेना के बैंड की धुनों के बीच कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी हुई। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने बाबा के अंतिम दर्शन कर जय श्री केदार और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।

22 अप्रैल को खुले थे कपाट
इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। पूरे यात्रा सीजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन के लिए केदार सभा, तीर्थ पुरोहितों, NDRF, SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि इस बार करीब 19.5 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की पुष्टि की।

अब ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। तीन दिन की यात्रा के बाद डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यही मंदिर अगले छह महीनों तक बाबा केदार का शीतकालीन गद्दीस्थल रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

मंदिर समिति के अध्यक्ष ने उन श्रद्धालुओं से ऊखीमठ पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लेने की अपील की, जो इस वर्ष केदारनाथ धाम नहीं पहुंच पाए।

अगले साल अक्षय तृतीया के आसपास खुलेंगे कपाट
परंपरा के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट करीब छह महीने तक शीतकाल के दौरान बंद रहते हैं। अगले वर्ष अक्षय तृतीया के आसपास शुभ मुहूर्त में कपाट दोबारा खोले जाने की संभावना है। इस दौरान ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *