Thursday, November 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

34 साल बाद 1992 के लापता अमरीक सिंह मामले में पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा दोषी करार, CBI कोर्ट कल सुनाएगी सजा

भारत इंफो, मोहाली

पंजाब में पुलिस हिरासत से लापता हुए अमरीक सिंह के 34 साल पुराने मामले में बड़ा फैसला आया है। मोहाली की विशेष CBI अदालत ने पंजाब पुलिस के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है। अदालत ने उन्हें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 और 120-B के तहत दोषी ठहराया है। बुधवार, 11 नवंबर 2026 को आए इस फैसले के बाद अब सभी की नजरें सजा पर टिकी हैं। अदालत 12 नवंबर को दोषी पूर्व SSP की सजा पर फैसला सुनाएगी।

लुधियाना में शादी समारोह से उठाए जाने का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी के लापता होने से जुड़ा है। आरोप था कि 25 नवंबर 1992 को अमरीक सिंह को लुधियाना में एक शादी समारोह के दौरान तरनतारन पुलिस उठाकर ले गई थी। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

मामले में अमरीक सिंह की पत्नी अमरीक कौर ने न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। बाद में उन्होंने 1997 में CBI के समक्ष हलफनामा दाखिल किया, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी। CBI ने इस मामले में पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा के खिलाफ भी कार्रवाई की थी।

2015 में समाप्त कर दी गई थी सेवा

रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब सरकार ने वर्ष 2015 में तत्कालीन SSP फतेहगढ़ साहिब गुरमीत सिंह रंधावा की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। उनके खिलाफ अपहरण और आतंकवाद के दौर में सिख युवकों के लापता होने से जुड़े CBI के मामले चल रहे थे।

इस मामले में अदालत ने एक अन्य आरोपी परमिंदरजीत को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। अब 12 नवंबर को गुरमीत सिंह रंधावा को सुनाई जाने वाली सजा पर फैसला होगा।

यह मामला पंजाब में आतंकवाद के दौर के दौरान कथित पुलिस हिरासत में गायब हुए लोगों से जुड़े मामलों में एक महत्वपूर्ण अदालती घटनाक्रम माना जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *