loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

दिल्ली में ट्रेन से 1,286 किलो संदिग्ध बीफ जब्त, हैदराबाद से दक्षिण एक्सप्रेस के जरिए पहुंची थी खेप

20 थर्माकोल के कार्टन में भरकर भेजा गया था मांस, मटन और मीट के नाम पर हुई थी बुकिंग

एफएसएल और पशु चिकित्सकों की टीम जांच में जुटी

भारत इंफो, नई दिल्ली

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से पहुंचा करीब 1,286.35 किलोग्राम संदिग्ध मांस जब्त किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह मांस बीफ हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने जांच के लिए नमूने फोरेंसिक लैब भेजे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह खेप हैदराबाद से दक्षिण एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12721) के जरिए दिल्ली पहुंची थी। रेलवे विजिलेंस यूनिट को 8 नवंबर की सुबह सूचना मिली थी कि ट्रेन के पार्सल के माध्यम से कथित तौर पर बीफ की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद रेलवे पुलिस ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के न्यू वॉशिंग लाइन यार्ड में जांच शुरू की। जांच के दौरान 20 थर्माकोल के कार्टन बरामद हुए, जिनमें संदिग्ध मांस भरा हुआ था। इन पार्सलों की रेलवे में बुकिंग ‘मटन’ और ‘मीट’ के नाम से करवाई गई थी। कुल वजन 1,286.35 किलोग्राम बताया गया है।

एफएसएल और पशु चिकित्सकों की टीम ने लिए नमूने

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। दोनों की मौजूदगी में मांस के नमूने एकत्र किए गए हैं, ताकि इसकी वास्तविक प्रकृति का पता लगाया जा सके। मामले से संबंधित जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और ई-साक्ष्य के तहत दस्तावेजीकरण भी किया जा रहा है।

खेप भेजने और प्राप्त करने वालों की तलाश

इस मामले में जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस पार्सल की बुकिंग करवाने वाले और दिल्ली में इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की जानकारी भी खंगाल रही है। यदि जांच में प्रतिबंधित मांस होने या किसी अन्य कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र मांस की वास्तविक पहचान, पार्सल की बुकिंग और उसकी सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त किया गया मांस वास्तव में किस पशु का है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *