loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 27°C
Breaking News

जालंधर में पटाखों के स्टॉल में लगी आग, लगातार धमाकों से मार्केट में मची भगदड़

भारत इंफो : जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित मार्केट में शनिवार देर रात पटाखों के एक स्टॉल में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही स्टॉल में रखे पटाखे एक के बाद एक फटने लगे। धमाकों की तेज आवाज से पूरी मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में स्टॉल में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

पटाखे फटने से मची भगदड़, सामान छोड़कर भागे लोग

घटना के समय मार्केट में काफी चहल-पहल थी और लोग दिवाली की खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान पटाखों के एक बड़े स्टॉल से अचानक धुआं और चिंगारियां उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे स्टॉल को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर लोग घबरा गए और अपनी गाड़ियां व खरीदारी का सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने लगे।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। स्टॉल मालिक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसका लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने का भी खतरा पैदा हो गया था।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने संकरी जगह और लगातार फट रहे पटाखों के बीच काफी मशक्कत से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।

शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से आग लगने की आशंका

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी जलती हुई चिंगारी के कारण पटाखों के स्टॉल में आग लगी होगी। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *