loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

सियासत: सुखबीर बादल 13 नवंबर को पहुंचेंगे बेगोवाल, बीबी जागीर कौर की कराएंगे अकाली दल में घर वापसी!

2027 के चुनाव से पहले अकाली दल का कुनबा बढ़ाने की कवायद तेज

दोआबा की राजनीति में फिर सक्रिय होंगी बीबी जागीर कौर, पुराने मतभेद भुलाकर साथ आने की तैयारी

मनुपाल शर्मा, कपूरथला/जालंधर

पंजाब की सियासत में शिरोमणि अकाली दल को दोबारा मजबूत करने की कोशिशों के बीच एक और बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल 13 नवंबर को बेगोवाल पहुंचकर पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर को पार्टी में दोबारा शामिल करवाएंगे। बीबी जागीर कौर के मुताबिक अकाली दल को मजबूत करना समय की जरूरत है और पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी यही इच्छा है। बीबी जागीर कौर की संभावित घर वापसी को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल के राजनीतिक और संगठनात्मक पुनर्गठन की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। खास तौर पर दोआबा क्षेत्र में पार्टी को फिर से सक्रिय करने के लिहाज से यह घटनाक्रम अहम है।

मतभेदों से मनमुटाव तक और अब फिर साथ आने की तैयारी

बीबी जागीर कौर और सुखबीर सिंह बादल के रिश्तों में तल्खी नवंबर 2022 में उस समय सामने आई थी, जब बीबी जागीर कौर ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार हरजिंदर सिंह धामी के खिलाफ एसजीपीसी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्हें अकाली दल से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि, मार्च 2024 में सुखबीर बादल खुद बेगोवाल पहुंचे थे और बीबी जागीर कौर को दोबारा पार्टी में शामिल करवाया था। लेकिन यह साथ अधिक समय तक नहीं चला। बाद में पंथक और संगठनात्मक मुद्दों पर मतभेदों के चलते बीबी जागीर कौर ने फिर दूरी बना ली और ज्ञानी हरप्रीत सिंह, सुखदेव सिंह ढींढसा, प्रेम सिंह चंदूमाजरा तथा अन्य नेताओं के साथ अकाली दल (पुनर सुरजीत) की गतिविधियों से जुड़ गईं। अब परिस्थितियां एक बार फिर बदलती दिखाई दे रही हैं। बीबी जागीर कौर का कहना है कि वह कभी अकाली दल की विचारधारा के खिलाफ नहीं रही हैं। उनका मानना है कि क्षेत्रीय पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है।

चंदूमाजरा की वापसी के बाद एक और अहम घटनाक्रम

अकाली दल में पुराने नेताओं की वापसी का सिलसिला पिछले कुछ समय से चर्चा में है। पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा की 6 नवंबर को सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापसी के बाद अब बीबी जागीर कौर के दोबारा साथ आने की तैयारी को इसी कड़ी में देखा जा रहा है। इन नेताओं की वापसी से अकाली दल के सामने अपने पुराने संगठनात्मक ढांचे और समर्थक वर्ग को फिर से जोड़ने का अवसर पैदा हो सकता है। हालांकि, अलग-अलग समय पर नेतृत्व से असहमति जताने वाले नेताओं को एक मंच पर बनाए रखना पार्टी के लिए आगे भी महत्वपूर्ण चुनौती रहेगा।

दोआबा में बीबी जागीर कौर का अपना राजनीतिक आधार

बीबी जागीर कौर दोआबा की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह तीन बार एसजीपीसी की अध्यक्ष रह चुकी हैं और पंजाब सरकार में मंत्री भी रही हैं। बेगोवाल और भुलत्थ क्षेत्र में उनका अपना राजनीतिक प्रभाव तथा समर्थकों का नेटवर्क है। उनकी वापसी से अकाली दल को दोआबा में अपने पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पंथक राजनीति में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिल सकती है। यह देखना भी महत्वपूर्ण होगा कि उनके साथ जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक किस स्तर पर पार्टी के संगठन में दोबारा सक्रिय होते हैं।

2027 से पहले अकाली दल की बड़ी चुनौती

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल के सामने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी। इसके बाद नेतृत्व, संगठन और पंथक मुद्दों को लेकर पार्टी के भीतर कई तरह के मतभेद सामने आए। इसी बीच अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। बीबी जागीर कौर पहले ही अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की वकालत कर चुकी हैं। ऐसे में उनकी वापसी के साथ-साथ भविष्य में बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर रहेगी।

बेगोवाल से क्या निकलेगा सियासत का नया संदेश?

13 नवंबर को बेगोवाल में होने वाला कार्यक्रम कई मायनों में महत्वपूर्ण होगा। एक तरफ सुखबीर बादल के लिए पुराने नेताओं को साथ जोड़ने की कोशिश को आगे बढ़ाने का अवसर होगा, तो दूसरी तरफ बीबी जागीर कौर के लिए अपने समर्थकों के साथ मुख्यधारा की अकाली राजनीति में दोबारा सक्रिय होने का रास्ता खुलेगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बीबी जागीर कौर की वापसी के साथ अकाली दल के अन्य असंतुष्ट नेता भी पुराने मतभेद भुलाकर एक मंच पर आएंगे? क्या यह पहल 2027 के चुनाव से पहले अकाली दल के संगठन को नई दिशा दे पाएगी? फिलहाल, बेगोवाल में 13 नवंबर को होने वाला यह सियासी मिलन पंजाब की पंथक और क्षेत्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *