loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 25°C
Breaking News

जापान में 5.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, 22 से अधिक लोग घायल; सुनामी का खतरा नहीं

भारत इंफो, टोक्यो

जापान में रविवार तड़के 5.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के कारण कम से कम 22 लोग घायल हो गए, जबकि कई दुकानों और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 1:04 बजे आया। इसका केंद्र मध्य जापान के शिजुओका प्रांत के पश्चिमी हिस्से में जमीन से लगभग 40 किलोमीटर नीचे था।

भूकंप का सबसे ज्यादा असर आइची प्रांत में देखने को मिला। इसके अलावा नागानो, गिफू, यामानाशी और शिजुओका सहित कई क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए। दुकानों के शीशे टूट गए और एक बुक स्टोर में बड़ी संख्या में किताबें अलमारियों से नीचे गिर गईं। कुछ लोग भूकंप के दौरान इमारतों से बाहर निकलने की कोशिश में सीढ़ियों से गिरकर घायल हुए।

भूकंप के बाद क्षेत्र में कई छोटे झटके भी महसूस किए गए। एहतियात के तौर पर कुछ रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोका गया, जबकि बुलेट ट्रेन (शिंकानसेन) की रफ्तार कम कर दी गई।

जापानी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। हालांकि, मौसम विज्ञान एजेंसी ने अगले कुछ दिनों तक संभावित भूकंपीय झटकों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *